बिलासपुर। युवा कबड्डी सीरीज की प्रदेश टीम के लिए जिले के तीन खिलाड़ियों साक्ष्य ठाकुर, राहुल शर्मा और बिलाल मोहम्मद का चयन हुआ है। ये खिलाड़ी पुडुचेरी में होने वाली कबड्डी सीरीज में प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रदेश टीम के चयन के लिए 21 नवंबर को भगेड़ में ट्रायल आयोजित किए गए थे। इसमें जिले से साक्ष्य ठाकुर गांव सिहड़ा तहसील सदर, राहुल शर्मा गांव नमहोल तहसील श्री नयनादेवी जी और बिलाल मोहम्मद गांव कंदरौर तहसील सदर का चयन हुआ है। युवा कबड्डी सीरीज पुडुचेरी में आयोजित की जाएगी। 25 नवंबर को प्रदेश की टीम इसमें भाग लेने के लिए रवाना होगी।
यह सीरीज 40 दिन तक चलेगी। साक्ष्य ठाकुर टीम में राइट कॉर्नर, राहुल शर्मा लेफ्ट कवर और बिलाल मोहम्मद राइट कवर की भूमिका निभाएंगे। राहुल शर्मा स्टेट हॉस्टल बिलासपुर से संबंध रखते हैं। स्टेट हॉस्टल बिलासपुर के कबड्डी कोच अर्जुन सिंह धीमान ने बताया कि राहुल अच्छा खिलाड़ी है और भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेगा। साक्ष्य ठाकुर के कोच संजीव ठाकुर ने कहा कि साक्ष्य इस कबड्डी सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन जिला और प्रदेश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और बधाई दी।