घुमारवीं बस स्टैंड के पुराने लोहे के गेट के पास बनेगा एग्जिट रोड
बजट मिलने के बाद निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार
बसों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग होने से सुधरेगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं बस स्टैंड से बसों के बाहर निकलने के लिए अलग सड़क की सुविधा मार्च से मिलने की उम्मीद है। बजट का प्रावधान होने के बाद लंबे समय से अटके एग्जिट रोड के निर्माण कार्य में तेजी आई है। सड़क बनने से बस स्टैंड और शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
बस स्टैंड का निकास द्वार पुराने लोहे के गेट के पास बनाया जाएगा। यहां से सड़क पुलिस थाने के आगे होते हुए सीर खड्ड पुल के पास मुख्य सड़क से जुड़ेगी। पहले परिवहन विभाग के डीजल पंप के पास से निकास मार्ग बनाने की योजना थी, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते विभाग ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद पुराने लोहे के गेट के पास स्थान तय किया गया।
बजट की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब धनराशि का प्रावधान होने के बाद काम में तेजी आई है। लोक निर्माण विभाग ने मार्च तक सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में बस स्टैंड में बसों के प्रवेश और निकास के लिए एक ही मार्ग है। इससे बसों की आवाजाही के दौरान अक्सर जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। अलग निकास मार्ग बनने से बसों के प्रवेश और बाहर निकलने की व्यवस्था अलग हो जाएगी, जिससे यातायात सुचारू होने की उम्मीद है।
कोट
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बस स्टैंड के लिए अलग निकास मार्ग बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। बजट उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च तक सड़क तैयार होने से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।