जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में स्वास्थ्य मंत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, ली मार्चपास्ट की सलामी
स्वास्थ्य क्षेत्र प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल: डॉ शांडिल
शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर के प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और सैनिक कल्याण मंत्री डॉ कर्नल धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पुलिस, होमगार्ड, वनमित्र और एनसीसी की टुकड़ियों की प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मंत्री ने हिमाचल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि 15 अप्रैल, 1948 को हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ। यह दिन हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने जिला बिलासपुर के औहर निवासी विक्टोरिया क्रॉस विजेता भंडारी राम का भी विशेष जिक्र करते हुए उनकी बहुमूल्य सेवाओं को याद किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में है। 15 से 20 वर्ष पुरानी मशीनों और उपकरणों को बदलने पर तीन हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत एक क्रांतिकारी पहल है। शिमला के चमियाणा, आईजीएमसी, टांडा और नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है जबकि हमीरपुर को जल्दी ही प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक जमवाल, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, वीरू राम किशोर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, निदेशक सहकारी बैंक सुनील शर्मा, सदस्य जिला बाल कल्याण समिति तृप्ता ठाकुर, संदीप सांख्यान, स्वतंत्रता सेनानी संगठन की अध्यक्ष प्रेमी देवी, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इन्हें किया सम्मानित
इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी भाग सिंह, स्वतंत्रता सेनानियों की धर्मपत्नियां प्रेमी देवी, ब्यासा देवी, वीर नारी हाक्मी देवी, रामदेई सहित, प्रशासनिक और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया। इसमें एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राजकुमार, डीएसपी मनीष चौधरी, तहसीलदार बबीता धीमान, डीएफएसई बृजेंद्र पठानिया, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रंजन गुप्ता, अनुसंधान अधिकारी ललित कुमार, सदर थाना प्रभारी राजेश पराशर सहित पचास से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मिशन 32 प्रतिशत शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत वर्ष 2030 तक वन आवरण को बढ़ाकर 32 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हमारी सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य किसान आयोग के गठन का भी महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार शीघ्र ही खेलो इंडिया-चिट्टा मुक्त अभियान शुरू करने जा रही है, जिसके तहत युवाओं को नशे की लत, विशेषकर चिट्टे से दूर कर खेलों के माध्यम से अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक जीवन शैली की ओर अग्रसर किया जाएगा। कार्यक्रम में डीएवी स्कूल बिलासपुर ने समूह गान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर ने पहाड़ी नाटी, पीएम श्री मुख्यमंत्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर ने भांगड़ा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रघुनाथपुरा ने पहाड़ी गिद्दा प्रस्तुत किया।
-बिलासपुर में स्वास्थ्य मंत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, मार्च पास्ट की ली सलामी
-
-स्वतंत्रता सेनानियों सहित अधिकारी और कर्मचारी हुए सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर में हिमाचल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मार्च पास्ट की सलामी लेते मंत्री। स्रोत: डीपीआ
बिलासपुर में हिमाचल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मार्च पास्ट की सलामी लेते मंत्री। स्रोत: डीपीआ