गोबिंदसागर झील किनारे सुबह छा रही घनी धुंध, कई जगह 10 मीटर आगे देखना भी मुश्किल
सर्दियों में बढ़ सकती हैं वाहन चालकों की मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नवंबर की शुरुआत के साथ ही कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सर्दियों का असर दिखना शुरू हो गया है। गोबिंदसागर झील के किनारे सुबह के समय धुंध छाने लगी है। सोमवार सुबह स्थिति ऐसी रही कि दृश्यता घटकर महज 10 मीटर रह गई। इससे वाहन चालकों को सफर के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, फोरलेन पर घूम रहे लावारिस पशु भी वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं।
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के डमली सहित गोबिंदसागर झील के किनारे से गुजरने वाले फोरलेन के हिस्सों में सुबह के समय धुंध का असर देखने को मिल रहा है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को आगे की सड़क देखने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में सामने चल रहे वाहन और सड़क पर मौजूद बाधाओं का समय रहते पता नहीं चल पाता। तेज गति से चलने वाले वाहनों के लिए अचानक सामने आने वाली स्थिति को संभालना मुश्किल हो सकता है।
फोरलेन पर लावारिस पशुओं की मौजूदगी भी परेशानी बढ़ा रही है। बड़ी संख्या में पशु सड़क पर घूमते रहते हैं। कई बार ये अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं या सड़क पर ही बैठ जाते हैं। सामान्य मौसम में भी इन्हें बचाकर निकलना चुनौती रहता है, लेकिन धुंध के दौरान पशुओं का दिखाई देना और मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। वहीं, तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से पशुओं की जान को भी खतरा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि सर्दियों का मौसम पूरी तरह शुरू होने से पहले फोरलेन से लावारिस पशुओं को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। पशुओं को सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वे दोबारा सड़क पर न पहुंचें। इसके अलावा धुंध प्रभावित संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कम दृश्यता के बीच लावारिस पशु बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकते हैं।
धुंध में वाहन चलाते समय बरतें विशेष सावधानी : अभिषेक
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने वाहन चालकों से धुंध के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कम दृश्यता के दौरान वाहन तेज गति से न चलाएं और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। वाहन चलाते समय लो बीम हेडलाइट और फॉग लैंप का इस्तेमाल करें। अचानक ब्रेक लगाने और ओवरटेक करने से बचें। सड़क पर लावारिस पशु दिखाई देने पर वाहन की गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित तरीके से आगे निकलें। इसके अलावा अपनी लेन में चलने, यातायात नियमों का पालन करने और बिना जरूरत सड़क पर वाहन खड़ा न करने की भी सलाह दी है।
फोरलेन में धुंध दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है जिससे चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है- फोटो : सांकेतिक