-एक आरोपी मौके से हुआ फरार, तलाश जारी
-आरोपियों को तीन-तीन दिन रिमांड भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट/बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को 13.03 ग्राम चिट्टा और 1.71 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मौके से फरार हो गया है। फरार हुए आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपियों को तीन-तीन दिन के रिमांड पर भेजा है।
पहले मामले में बरमाणा पुलिस की एक टीम शनिवार देर रात पंजगाई में गश्त कर रही थी। इस दौरान वेटनरी अस्पताल पंजगाई के पास एक ट्रक को रोका गया। ट्रक चालक के अलावा तीन अन्य व्यक्ति केबिन में बैठे थे। पूछताछ के दौरान चारों घबरा गए। तभी एक युवक ट्रक से उतरा और भाग निकला। शक होने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। तभी पुलिस को डेशबोर्ड से 10.09 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान सन्नी कुमार (22) निवासी गांव पंजगाई तहसील सदर जिला बिलासपुर, जतिन शर्मा (22) निवासी गांव पंजगाई तहसील सदर जिला बिलासपुर और रिशांत शर्मा (23) निवासी गांव बरमाणा तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। वहीं भागने वाले आरोपी की पहचान मनीष कुमार निवासी गांव टिकरी डाकघर पंजगाई तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे मामले में पुलिस थाना स्वारघाट की टीम थाना प्रभारी देवानंद शर्मा की अगुवाई में शनिवार देर शाम जब पंजपीरी-जकातखाना संपर्क सड़क पर गश्त कर रही थी। जब पुलिस बल्लियां स्थान पर पहुंची तो वहां पर एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने युवक को पकड़ा और उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके पास 2.94 ग्राम चिट्टा और 1.71 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी गांव दयोला छांब डाकघर हरनोड़ा तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। मामलों की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।