झंडूता बाजार की नाली में फैली गंदगी। संवाद
राहगीर, व्यापारी, ग्राहक बदबू से परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल मुख्यालय झंडूता के मुख्य बाजार में नालियों की सफाई न होने से हालात दिन-ब-दिन गंभीर होते जा रहे हैं। नालियों में जमी गंदगी और रुके पानी से उठने वाली तेज दुर्गंध ने पूरे बाजार का माहौल असहनीय बना दिया है।
बाजार में व्यवसाय करने वाले दुकानदार, राहगीर और खरीदारी के लिए आने वाले लोग बदबू से परेशान हैं। कई वर्षों से यहां व्यापार कर रहे राजेंद्र कुमार ने बताया कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह लचर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि समस्या को कई बार संबंधित विभाग के ध्यान में लाया गया, लेकिन नालियों की सफाई और पानी की निकासी का कोई ठोस प्रबंध नहीं किया गया।
दुकानों में बदबू के कारण बैठना मुश्किल हो गया है। कई ग्राहक मुंह ढककर ही दुकान में प्रवेश करते हैं। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। बारिश या हल्की बूंदाबांदी में नालियों की गंदगी सड़क पर फैल जाती है, जिससे बाजार का माहौल और बिगड़ जाता है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्गंध के कारण बच्चों और बुजुर्गों के लिए बाजार में आना मुश्किल हो गया है और कई लोग आवश्यक सामान लेने के लिए अन्य स्थानों का रुख कर रहे हैं।
इस समस्या पर विभाग का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने पर सहायक अभियंता नितेश कुमार ने बताया कि उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कनिष्ठ अभियंता को मौके पर भेजने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नालियों की सफाई कर स्थिति को सामान्य किया जाएगा।