-बोले-वनों में आग लगाना गलत, वन संपदा सहित जीव जंतु भी होते हैं नष्ट
-वनों को बढ़ावा देने के लिए इस मौसम में प्रदेश सरकार कर रही 150 करोड़ खर्च : रामलाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की बहादुरपुर धार में वन विभाग की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने एक हेक्टेयर भूमि पर देवदार के 50 पौधे लगाए।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि वनों में आग लगाना गलत है, इस कारण कई जीव-जंतु जलकर नष्ट हो गए हैं। वर्तमान में हो रही प्राकृतिक आपदाएं हमारे कर्मों का परिणाम हैं। ठाकुर ने सभी लोगों से आग्रह किया कि वह कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं, ताकि पर्यावरण को संरक्षित किया जा सके। कहा कि प्रदेश सरकार वनों को बढ़ावा देने के लिए इस मौसम में 150 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। बिलासपुर जिले में 1500 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जहां तीन लाख पौधे लगाए जाएंगे। बहादुरपुर धार को हरा भरा बनाए रखने से यहां अधिक पर्यटक आकर्षित हो सकेंगे। वन विभाग से आग्रह किया कि वे लगाए गए सभी पौधों की देखभाल सही तरीके से करें। उन्होंने लोगों से जंगलों में आग न लगाने की अपील करते हुए कहा कि यह हमारे पर्यावरण को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने में सहायक होगा। इस मौके पर पर एसीएफ बिलासपुर वरुण,आरओ नरेंद्र सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।