बिलासपुर (रामपुर) के सीमांत बरेली जिले के बुजिया गांव में वन विभाग की ओर से पिजड़े में कैद किया गया
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर/खजुरिया (रामपुर)। सीमांत बरेली जिले की सीमा से सटे गांवों में आतंक का पर्याय बने तेंदुए को वन विभाग की टीमों ने आखिरकार दबोच लिया। पिंजड़े में कैद करने के बाद वन विभाग की टीम उसे लखनऊ के चिड़ियाघर ले गई है।
खजुरिया थाना क्षेत्र के सीमांत बरेली जिले के थाना शीशगढ़ के गांव बुजिया में तेंदुए का आतंक कई दिनों से मचा हुआ था। तेंदुए ने एक बालिका को भी मार डाला था, जिसकी वजह से ग्रामीणों में आतंक फैला हुआ था। ग्रामीण तेंदुए को पकड़वाने की मांग अधिकारियों से कर रहे थे। बरेली जिले के वन विभाग के अधिकारी आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए कई दिनों से प्रयास कर रहे थे, मगर उन्हें कोई भी सफलता नहीं मिली थी। यही, वजह थी कि खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरसुआ, रसूलपुर, पिपलिया विजयनगर, धावनी बुजुर्ग, गोधी आदि गांवों के ग्रामीण बेहद परेशान थे। ग्रामीण रातभर जागकर अपनी और पशुओं की रखवाली कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में कई स्थानों पर पिजड़े लगाए थे। बुधवार की सुबह गन्ने के खेत में लगे पिंजड़े में बंधी एक बकरी की वजह से तेंदुआ फंस गया। इस दौरान तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना पर तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वन विभाग ने पुलिस की मदद से सभी को मौके से हटा दिया। इसके बाद तेंदुए को अधिकारी लखनऊ ले गए। आरक्षित डंडिया वन के रेंजर राधेश्याम ने बताया कि तेंदुआ पकड़े जाने से उनके क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।