घुमारवीं वन परिक्षेत्र के विजयपुर-पंगियां में चार दिन पहले हुआ है कटान
समोह से औहर मार्ग के किनारे निजी भूमि में हुआ है कटान, अब तक विभागीय कार्रवाई नहीं
चंबा में सोर्स मीट करते रह गए वन विभाग के कई अधिकारी, क्षेत्र में खैर पर चल पड़ी कुल्हाड़ी
मंगल ठाकुर
बरठीं (बिलासपुर)। घुमारवीं वन परिक्षेत्र की वन बीट पनौल के विजयपुर-पंगियां क्षेत्र में वन माफिया ने वन विभाग की नाक तले खैर के करीब तीन सौ हरे-भरे पेड़ काट डाले। घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
जानकारी के अनुसार यह कटान समोह से औहर मार्ग के किनारे निजी भूमि में हुआ है, जहां खैर कटान पर पूरा प्रतिबंध है। माफिया ने पेड़ों को इस तरह काटा कि जड़ों तक खुदाई कर दी गई ताकि कोई सबूत न बचे। बताया जा रहा है कि माफिया ने इस दौरान सैकड़ों पेड़ उखाड़ दिए और रातोंरात लकड़ी ठिकाने लगा दी। लोगों ने बताया कि वन विभाग को इसकी जानकारी पहले ही दे दी गई थी, लेकिन विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि यह सारा खेल वन विभाग की मिलीभगत और बड़े लोगों के संरक्षण में चल रहा है। यह अवैध कटान उस दौरान हुआ जब वन विभाग के कई अधिकारी एक से पांच नवंबर तक चंबा में आयोजित सोर्स मीट में व्यस्त थे। माफिया ने इसी अवधि का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। अगर विभाग ने समय पर कार्रवाई की होती तो इतने बड़े स्तर पर कटान नहीं हो सकता था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, इस बारे में विभागीय अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने भी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। ऐसा नहीं है कि यह पहली बार है कि विभाग के नाक के नीचे इस तरह से खैर के पेड़ों पर अवैध रूप से कुल्हाड़ी चली हो। लेकिन जब मामला सामने आता है तो विभाग कमेटी बनाकर जांच कराने की मात्र औपचारिकता पूरी करता है और वन माफिया साफ बचकर निकल जाता है।
वहीं, यह भी संभव नहीं है कि हर बार विभाग की बिना मिलीभगत से इस तरह का कटान हो। लेकिन कटान होता है और प्रशासन, वन विभाग मूकदर्शक बना रहता है। वहीं एसीएफ अरुण कुमार ने बताया कि मामले की मौके पर जांच की जा रही है। दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा।
संवाद
घुमारवीं वन परिक्षेत्र की बन बीट पनौल के विजयपुर-पंगियां क्षेत्र में वन माफिया ने काटे खैर के प