घुमारवीं पुलिस ने अमृतसर से गिरफ्तार किया है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। 30 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी नीरज कुमार निवासी अमृतसर को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को वीरवार को घुमारवीं पुलिस टीम ने अमृतसर में दबिश देकर गिरफ्तार किया था।
मामला 29 सितंबर का है, जब पुलिस ने फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास नाके के दौरान पंजाब के दो युवकों को पकड़ा था। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 518.4 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था, जिसकी बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि यह खेप कुल्लू सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। उसी आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए कुल्लू से एक युवक और एक महिला को भी गिरफ्तार किया था। इन सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर नीरज कुमार तक पहुंची। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि आरोपी को अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से सप्लाई चैन, नेटवर्क के अन्य सदस्यों और फंडिंग स्रोतों को लेकर पूछताछ की जाएगी।