बिलासपुर। सदर विस क्षेत्र की सोलग-जुरासी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पर्यावरण एवं वन मंत्रालय देहरादून से सड़क निर्माण के लिए एनओसी मिल गई है। लेकिन सड़क के लिए नाबार्ड से मिली राशि लैप्स हो चुकी है। इसके बाद अब नए सिरे से किसी अन्य योजना के तहत फंड जारी होगा। वहीं लोनिवि की मानें तो सड़क को विधायक प्राथमिकता में डाले जाने की तैयारी की जा रही है।
सदर विस क्षेत्र के तहत सोलग जुरासी ग्राम पंचायत के जुरासी गांव को आज तक सड़क सुविधा से महरूम रहना पड़ रहा है। करीब 6 साल पहले इस सड़क के लिए नाबार्ड के तहत 2 करोड़ 34 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। गांव के लिए पांच किमी सड़क का निर्माण होना है। सड़क में कुछ जमीन वन विभाग की आ रही थी। वन विभाग की मंजूरी के बिना कार्य शुरू किया गया था। लेकिन वन भूमि आने पर इसे बंद करना पड़ा था। वहीं करीब तीन साल तक इसके लिए वन विभाग की तरफ से एनओसी नहीं मिली। इस कारण काम बंद रहा और पैसा भी लैप्स हो गया।
करीब एक साल पहले तत्कालीन उपायुक्त ने सड़क निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू की। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर लोनिवि और वन विभाग की बैठक बुलाकर इसकी प्रक्रिया को पूरा करने के आदेश दिए थे। अब इसकी एनओसी मिल गई है। लेकिन पैसा लैप्स होने से अब इसका निर्माण नए बजट से किया जाएगा। लोनिवि के एसई आरके वर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की एनओसी मिल गई है। अब आठ फरवरी को बैठक में तय किया जाएगा कि इसका निर्माण किस निधि के तहत होना है। (संवाद)