-सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए भेजे रहे लैब
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से त्योहारों के मद्देनजर जिले में दुकानों पर छापामार कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को विभाग ने भगेड़, घुमारवीं और बरमाणा क्षेत्र में छापामारा। इस दौरान 11 सैंपल एकत्रित किए गए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी खगेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानों से गुलाब जामुन, रसगुल्ला, दो बेसन बर्फी, दो खजूर, पतीसा, काजू बर्फी, बर्फी, गुजिया और बालूशाई के सैंपल भरे गए। विभाग ने इन्हें जांच के लिए कंडाघाट जिला सोलन लैब भेजा है। विभागीय सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से लगातार सैंपल भरे जा रहे हैं। जिले में कई सैंपल फेल भी पाए गए हैं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई गई है। खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि ऐसा कोई करता है तो उसके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग ने इसके लिए एक विशेष अभियान भी शुरू किया है। इसमें मिठाई की दुकानों की प्रतिदिन जांच की जाएगी। मिठाई में मिलावट सहित रेट लिस्ट जांच करने को लेकर एक टीम का भी गठन किया गया है। यह टीम प्रतिदिन जिले के विभिन्न स्थानों पर जाकर दुकानों का निरीक्षण कर रही है। इस दौरान अगर किसी भी मिठाई में मिलावट पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। मिठाई की दुकानों में रेट लिस्ट भी निर्धारित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
उधर सहायक आयुक्त महेश कश्यप ने बताया कि जांच के लिए सैंपल एकत्रित किए गए हैं। लैब में सैंपल को भेजा जा रहा है, अगर सैंपल फेल पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।