खंड विकास कार्यालय स्वारघाट में आयोजित एक दिवसीय चुनाव कार्यशाला में विभिन्न विभागों के कर्मचा
स्वारघाट में पंचायत चुनावों को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
280 कर्मचारियों को दिए निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट( बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट की 25 ग्राम पंचायतों में होने वाले स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पंचायत चुनावों को लेकर शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय स्वारघाट में एक दिवसीय चुनाव कार्यशाला हुई, जिसका शुभारंभ एसडीएम स्वारघाट धर्मपाल चौधरी ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों से पहुंचे लगभग 280 कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम धर्म पाल चौधरी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ही पूरी चुनाव प्रक्रिया अपनाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी कर्मचारी अपनी ओर से ऐसी कोई गतिविधि न करे, जिससे उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़े। उन्होंने सभी कर्मचारियों से निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव करवाने में जिम्मेदारी और सतर्कता बरतने का आह्वान किया। कार्यशाला में रिटर्निंग अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी स्वारघाट विनय कुमार शर्मा ने कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत प्रथम चरण में 9 ग्राम पंचायतों में चुनाव करवाए जाएंगे। इसके लिए 24 मई को चुनाव ड्यूटी में तैनात टीमों को रवाना किया जाएगा। कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही चुनाव प्रक्रिया को पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। कार्यशाला के दौरान चुनाव संबंधी विभिन्न प्रक्रियाओं, मतदान व्यवस्था और अन्य आवश्यक जानकारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।