कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक
घनी धुंध के कारण हाईवे पर 50 मीटर तक दृश्यता
सुबह 11 बजे तक धुंध के आगोश में रहता है बिलासपुर शहर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में कड़ाके की ठंड के बीच अब धुंध ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह बिलासपुर में गोबिंद सागर झील के तटीय इलाकों और कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर घने कोहरे की चादर लिपटी रही। सुबह 9 बजे तक फोरलेन पर विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
झील के किनारे बसे क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध इतनी गहरी थी कि सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। सुरक्षा के मद्देनजर वाहन चालकों को अपने वाहनों की रफ्तार कम करनी पड़ी और हेडलाइट्स जलाकर सफर तय करना पड़ा। सुबह 9:30 बजे के बाद जब सूर्य देव के दर्शन हुए, तब जाकर कोहरा छंटना शुरू हुआ और यातायात सामान्य हो सका। बिलासपुर शहर भी धुंध की चपेट में रहा। यहां सुबह 11 बजे तक धुंध का असर देखा गया। हाड़ कंपा देने वाली ठंड और कोहरे के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। करीब 11 बजे के बाद जब खिली हुई धूप निकली, तब जाकर लोगों को ठंड से राहत मिली और शहर के सार्वजनिक स्थलों व बाजारों में चहल-पहल शुरू हुई।
जिला अस्पताल के एमएस डॉक्टर एके सिंह ने बताया कि धुंध स्वास्थ्य के लिए भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। सर्दियों की इस धुंध में स्मॉग की मात्रा अधिक होती है, जो फेफड़ों और त्वचा के लिए हानिकारक है। धुंध के कारण सांस की बीमारियां और वायरल इन्फेक्शन तेजी से फैलते हैं। ऐसे समय में अगर घर से बाहर निकलें तो मास्क का प्रयोग करें।
धुंध के दौरान बाहर निकलते समय एन-95 मास्क पहनें, ताकि प्रदूषित कण फेफड़ों तक न पहुंचें। ठंड में प्यास कम लगती है, लेकिन गुनगुना पानी पीते रहें ताकि शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकलते रहें। जिन्हें सांस की बीमारी है, वे सुबह ज्यादा कोहरे में बाहर निकलने से बचें और अपनी दवाएं/इनहेलर साथ रखें। धुंध के संपर्क में आने से आंखों में जलन हो सकती है, इसलिए बाहर से आने के बाद आंखों को ठंडे पानी से धोएं। विटामिन-सी युक्त फल और अदरक-तुलसी की चाय का सेवन करें, ताकि इम्युनिटी बनी रहे। इसके अलावा पुलिस प्रशासन भी समय-समय पर वाहन चालकों से अपील कर रहा है कि धुंध के दौरान फॉग लाइट्स का प्रयोग करें और ओवरटेकिंग से बचें, ताकि इसके कारण हादसे न हों।
बिलासपुर में फोरलेन पर छाई धुंध। संवाद