तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे लुहणू में महोत्सव का उद्घाटन
पैराग्लाइडरों के रोमांचक करतबों से रंगीन नजर आएगा आसमान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जल तरंग जोश महोत्सव-2025 के शुभारंभ समारोह को रोमांच और भव्यता से भरने के लिए इस बार विशेष तैयारी की गई है। प्रदेश सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी 21 नवंबर को लुहणू में महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। समारोह का मुख्य आकर्षण गोबिंद सागर झील के ऊपर पांच विशेष एक्रो पायलटों की दमदार प्रस्तुति होगी।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि इस आयोजन के लिए पांच एक्रो पैराग्लाइडर पायलटों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। ये पायलट उद्घाटन के समय ऊंचाई से पुष्प वर्षा कर झील किनारे माहौल को रंगीन बनाएंगे। शुभारंभ के बाद ये सभी एक्रो पायलट लगभग 20 मिनट तक लगातार हवा में एक्रो स्टंट दिखाएंगे। झील के ऊपर ऊंचाई से किए जाने वाले फ्लिप, स्पाइरल, विंग ओवर और फ्रीस्टाइल स्टंट पहली बार बिलासपुर में दर्शकों को देखने को मिलेंगे। रोमांचक करतबों से आसमान रंगीन नजर आएगा और झील के ऊपर उड़ान भरते पायलट महोत्सव में नए उत्साह का संचार करेंगे। इन एक्रो पायलटों की प्रस्तुति महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होगी, जो युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का संदेश भी देगी। दर्शकों के लिए झील किनारे एक बेहतरीन व्यू प्वाइंट बनाया गया है, जहां से लोग पायलटों को झील के ऊपर करतब करते हुए करीब से देख सकेंगे। तीन दिवसीय जल तरंग जोश महोत्सव में जल क्रीड़ा गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी शामिल रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में आने की अपील की है ताकि रोमांच, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले इस आयोजन का सभी लोग आनंद उठा सकें।