बिलासपुर (रामपुर)। कड़ाके की सर्दी और तेज हवा उम्रदराज लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। ठंड की चपेट में आने से नगर में तीन महिलाओं समेत पांच बुजुर्गों की मौत हो गई है।
नगर के मोहल्ला साहूकारा निवासी बुजुर्ग महिला कलावती देवी यादव (100) की सोमवार को अचानक तबियत खराब हो गई। परिजन उन्हें एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि बुजुर्ग महिला को ठंड लग गई थी, इससे वह बीमार थीं। मोहल्ला शीरीमियां निवासी बाजिद खां की पत्नी सलीम बेगम (75) ठंड लगने के कारण काफी समय से बीमार चल रहीं थी। सोमवार को उनकी भी मौत हो गई। वहीं, नगर के मोहल्ला बाजार कलां के सिनेमा रोड निवासी मुन्ना कश्यप के मुताबिक उनकी मां सुखदेई (81) करीब दो सप्ताह पूर्व अपनी पुत्री के घर मेहमानदारी करने गई थीं जहां उन्हें ठंड लग गई, जिसके कारण वह बीमार हो गई थीं। वह उन्हें अपने घर ले आए और उनका इलाज करा रहे थे। सोमवार की शाम उनकी मौत हो गई। नगरपालिका क्षेत्र के ग्राम कस्बा राजपुर निवासी मोहम्मद शाह (65) को भी करीब एक सप्ताह पहले ठंड लग गई थी, जिनका वह उपचार करा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, सोमवार की रात में उनका इंतकाल हो गया। केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर उर्फ चिड़ियाखेड़ा निवासी प्रेमशंकर गंगवार के मुताबिक, उनके पिता डालचंद गंगवार (55) को भी करीब एक सप्ताह पूर्व ठंड लग गई थी, जिसके कारण वह बीमार हो गए थे। सोमवार की रात करीब नौ बजे अचानक उनकी हालत ज्यादा खराब होने लगी तो परिजन उन्हें नगर के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर आए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। ठंड लगने की वजह से कई बुजुर्ग बीमार चल रहे हैं। वहीं तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि ठंड से किसी की मौत होने की जानकारी नहीं है। हो सकता है कि बीमारी की वजह से बुजुर्गों की मौत हुई हो।