घुमारवीं में एसडीएम गौरव चौधरी ने की बैठक में दिए दिशा-निर्देश
शहर में दीवाली के दौरान निर्धारित स्थानों पर होगी पटाखों की बिक्री
व्यापार मंडल, नगर परिषद, पुलिस, अग्निशमन विभाग के साथ की बैठक
त्योहारी सीजन में सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात को लेकर प्रशासन सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। दिवाली से पहले घुमारवीं प्रशासन ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को एसडीएम गौरव चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापार मंडल, नगर परिषद, पुलिस, अग्निशमन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में शहर में दिवाली को लेकर होने वाली भीड़, पटाखों की बिक्री और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
एसडीएम ने कहा कि इस बार शहर में पटाखों की बिक्री केवल उन्हीं स्थानों पर होगी, जिन्हें प्रशासन द्वारा पहले से निर्धारित किया गया है। कोई भी दुकानदार बिना अनुमति पटाखों की दुकान नहीं लगा सकेगा। इसके लिए व्यापारी 17 अक्तूबर तक लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया अब ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी पूरी की जा सकेगी। बताया कि किसी भी विक्रेता को पटाखे बेचने से पहले अग्निशमन विभाग और नगर परिषद से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही उपमंडल अधिकारी कार्यालय से लाइसेंस जारी किया जाएगा। एसडीएम ने सभी व्यापारियों को चेताया कि पटाखों की बिक्री वाले स्थान पर अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम होना अनिवार्य हैं। इसके लिए दुकानों पर रेत से भरी बोरियां, पानी से भरे टब और फायर एक्सटिंग्विशर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस कोई भी व्यक्ति शहर में पटाखे नहीं बेच सकेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार पर भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस विभाग को अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के बाहर वाहन न खड़ा करें और फुटपाथ या सड़कों पर सामान न रखें ताकि राहगीरों और वाहनों को परेशानी न हो। नगर परिषद को त्योहारों से पहले बाजार क्षेत्रों की सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था मजबूत करने के आदेश दिए गए हैं। कहा कि त्योहारों पर साफ-सुथरा शहर न सिर्फ सौंदर्य बढ़ाता है बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी भी है। दिवाली जैसे त्योहार समाज में एकता और उत्साह का संदेश देते हैं। यदि हम नियमों का पालन करें और सुरक्षा का ध्यान रखें, तो यह पर्व सभी के लिए सुखद अनुभव बनेगा। बैठक में डीएसपी विशाल वर्मा, तहसीलदार शिवानी भारद्वाज, व्यापार मंडल अध्यक्ष हेमराज संख्यान, नगर परिषद के अधिकारी,अग्निशमन विभाग और अन्य विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।