भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत ग्राम पंचायत भपराल के सठाणी गांव में वीरवार रात को पशुशाला जलकर राख हो गई। आग की घटना में दो पालतू गाय और तीन बकरियां जिंदा जल गईं। गोशाला में बंधी एक गाय और बकरी करीब 80 प्रतिशत झुलस गई है। इनका उपचार किया जा रहा है। फौरी तौर पर आगे से साढेेेे़ तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भपराल के सठाणी गांव में मदन लाल की गोशाला घर से करीब पांच सौ मीटर दूर है। वीरवार रात करीब 2 बजे अचानक पशुशाला में आग लगी। पड़ोस के लोगों ने इक्कठे होकर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पशुशाला जलकर राख हो गई। दमकल विभाग की गाड़ी मुख्य सड़क से आगे नहीं बढ़ पाई। गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया।
पंचायत के उपप्रधान पृथ्वी चंद ने बताया कि आगजनी की इस घटना से पशुशाला के अंदर बांधी गई पचास-पचास हजार कीमत की दो गाय और दस-दस हजार कीमत की तीन बकरियां जलकर मर गई। एक अन्य गाय व बकरी का शरीर करीब 80 प्रतिशत झुलस गया है। प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार भराड़ी कर्म चंद व कार्यालय कानूनगो देवेंद्र ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को पंद्रह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।