तीन दिन पहले सिहड़ा पंचायत में आग से झुलसी 39 वर्षीय महिला ने पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। पुलिस ने चंडीगढ़ पहुंच कर महिला का पोस्टमार्टम करवा कर धारा 174 के तहत आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिहड़ा पंचायत में कुछ दिन पहले एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद महिला घर आई और अपने पति के लिए खाना गर्म करने लगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार खाना गर्म करते समय वह आग की चपेट में आ गई। उसके बाद चिल्लाने की आवाज सुन कर घरवालेे वहां पर आ गए।
गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। जहां पर सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर महिला के मौत के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि पुलिस धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।