13 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने बुझाई आग
- 50 हजार रुपये का हुआ नुकसान, 50 लाख की संपत्ति बचाई
- आधी रात को हुई घटना, आग लगने के कारणों का नहीं लगा पता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर की मीट मार्केट के पास स्थित नगर परिषद के कूड़ा स्टोर में बुधवार देर रात आग लग गई। दमकल कर्मियों ने करीब 13 घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। घटना में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि गोशाला सहित करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति बचाई गई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
नगर परिषद बिलासपुर की ओर से मीट मार्केट के पास स्टोर में सूखे कूड़े को अलग कर रखा जाता है। बुधवार रात करीब 12:30 बजे स्टोर में आग लग गई। मीट मार्केट में काम कर रहे लोगों ने स्टोर से आग की लपटें उठती देखी। सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन सूखा कूड़ा और प्लास्टिक होने के कारण आग बार-बार दहकती रही। दमकल कर्मी आग पर काबू पाते, थोड़ी देर बाद कूड़े से फिर से धुआं निकलना शुरू हो जाता। वीरवार दोपहर तक इसी तरह आग बुझाने और लगने का सिलसिला जारी रहा। वीरवार दोपहर करीब 12 बजे मौके पर जेसीबी को बुलाया गया। उससे कूड़े का पलटा गया और फायर कर्मियों ने उस पर पानी की बोछार की। तब जाकर आग पूरी तरह से बुझ पाई। उधर, फायर ब्रिगेड बिलासपुर के प्रभारी ईश्वर दास ने बताया कि घटना स्थल के आसपास गोशाला, रिहायशी मकान, शेड सहित लाखों रुपये की संपत्ति को बचाया गया है।