बिलासपुर के अवारी गांव के पास सरकारी बस में आग लगने के बाद उसे बुझाने के लिए पहुंचे अग्निशमन वि
लोगों की फुर्ती से पूरी तरह जलने से बची बस
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। शिमला-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंदरौर से आगे अवारी गांव के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम की चलती बस में अचानक आग लग गई। बस शिमला से नगरोटा बगवां जा रही थी। ड्राइवर रविकांत की सतर्कता और सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया।
जैसे ही बस के इंजन से धुआं उठने लगा, ड्राइवर ने तुरंत बस को रोका और यात्रियों को बाहर निकाल दिया। बस में उस समय 6 यात्री, ड्राइवर और कंडक्टर समेत 8 लोग मौजूद थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जहां घटना हुई, वहां पर हैंडपंप होने से आग बुझाने में मदद मिली। स्थानीय निवासी अशोक कुमार, रिंपी, शेखर और विजय कुमार ने आग बुझाने में मदद की। यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बस पूरी तरह जलकर राख हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस घटना में बस को काफी नुकसान हुआ है। बस के कंडक्टर संदीप सिंह ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ड्राइवर की त्वरित प्रतिक्रिया और स्थानीय लोगों की सक्रियता के चलते बड़ा हादसा टल गया।