- दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग को काबू कर लाखों की संपत्ति को बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के मुख्य बाजार में एक निजी अस्पताल में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। हालांकि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया और लाखों की संपत्ति को बचा लिया।
जानकारी के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक झंडूता के नजदीक एक निजी अस्पताल में सुबह के समय लोगों ने आग की लपटों को देखा। लोगों ने इसकी सूचना मकान मालिक पवन कुमार और रमेश चंद को फोन पर दी। उन्होंने इसकी जानकारी अस्पताल के मालिक डॉ. राकेश कुमार को भी दी। राकेश कुमार ने अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी। अग्निशमन विभाग उप केंद्र झंडूता के प्रभारी राजेश कुमार रघु अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और करीब एक घंटे में आग को पूरी तरह बुझाने में कामयाबी हासिल की। अस्पताल के मालिक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि शॉट सर्किट से आग लगने से अस्पताल के अंदर के एसी, कमरों की फिटिंग, कुर्सी, टेबल, पंखे और बिजली की वायरिंग सहित करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लेकिन अल्ट्रासाउंड मशीन और कंप्यूटर को अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बचा लिया है। उधर अग्निशमन उप केंद्र झंडूता के प्रभारी राजेश कुमार रघु ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग को काबू कर साथ लगते पंजाब नेशनल बैंक सहित अन्य दुकानों को आग से बचा लिया। झंडूता व्यापार मंडल के प्रधान प्रशांत शर्मा ने कहा कि शीघ्र व्यापार मंडल की बैठक कर पीड़ित की हरसंभव मदद की जाएगी। इस दौरान अग्निशमन प्रशामक श्याम लाल, रत्न सिंह, प्रेम सागर ने आग बुझाने का कार्य किया।