बिलासपुर। बिलासपुर में एम्स साइट पर एक पेंटर काम करते समय आग से झुलस गया। उसे क्षेत्रीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।
जानकारी अनुसार पेंटर मनु निवासी घुमारवीं एम्स साइट पर काम कर रहा था। उस पर पेंट गिर गया। वह अपने ऊपर गिरे पेंट को तारपीन से साफ करने लगा। उसके पास ही बेल्डिंग का काम चल रहा था। वेल्डिंग मशीन से निकलने वाली चिंगारियां उस पर पड़ गईं। उसके शरीर पर लगे तारपीन ने आग पकड़ ली। आग की लपटों से उसका शरीर झुलस गया। उसके साथियों ने तुरंत उसे बिलासपुर क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
डीएसपी बिलासपुर संजय शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। यह हादसा साइट पर काम करते समय घटित हुआ। उन्होंने बताया कि घायल को जिला अस्पताल से आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है।