शाहतलाई (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के क्षेत्र कोटधार की ग्राम पंचायत सनीहरा के गांव गंगलोह में एक रिहायशी मकान और एक गोशाला आग की भेंट चढ़ गई। करीब सात लाख का सामान राख हो गया।
वीरवार शाम को करीब सात बजे गांव गंगलोह के प्रकाश चंद की गोशाला से अचानक धुआं निकलने लगा। जब गांववासियों ने धुआं उठता देखा तो शोर मचाया। लोग आग बुझाने के लिए दौड़, लेकिन तेज हवा के कारण सूखे घास में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने साथ लगते हरी सिंह के रिहायशी मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
लोगों की लाख कोशिश के बावजूद गोशाला और मकान राख के ढेर में तबदील हो गए। आग बेकाबू होते देखकर पंचायत प्रधान कमल चौहान ने फायर ब्रिगेड़ को सूचना दी। फायर ब्रिगेड़ भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक काफी देर हो गई थी।
हरि सिंह ने बताया कि मकान राख के ढेर में बदल गया है। हरी सिंह ने बताया कि करीब 6 लाख का नुकसान हुआ है। उधर, प्रकाश चंद ने बताया कि गोशाला में रखा पशुचारा और कृषि औजार जलकर राख हो गए हैं। करीब 2 लाख के नुकसान का अनुमान है। उधर, कलोल उपतहसील के नायब तहसीलदार ने घटनास्थल पर पहुंच गए तथा मौके का निरीक्षण किया। कहा कि हलका पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट बनाने के आदेश दे दिए हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दी जा सके।