किसान सम्मान निधि, क्रेडिट कार्ड अन्य योजनाओं का मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उप-निदेशक कृषि डॉ. प्रेम चंद ठाकुर ने जिला के सभी किसानों से अपील की है कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए एचपी एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल में अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।
डॉ. ठाकुर ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण करने वाले किसानों को किसान सम्मान निधि, कृषि आदानों पर मिलने वाला अनुदान, किसान क्रेडिट कार्ड, विभिन्न वित्तीय लाभ और पेंशन सहित कई सुविधाओं का लाभ मिलेगा। पंजीकरण के लिए किसानों के पास आधार कार्ड, जमीन रिकॉर्ड, जमाबंदी, बैंक खाता संख्या और मोबाइल नंबर होना आवश्यक है। किसान इन दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी लोकमित्र केंद्र पर जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क है। इसके अतिरिक्त, किसान पोर्टल https://hpfr.agristack.gov.in पर जाकर भी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। उप-निदेशक ने कहा कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण से किसानों की डिजिटल पहचान मजबूत होगी और समय-समय पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करना आसान होगा। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।