खजुरिया। खमरिया स्थित बैगुल नदी के तटबंध पर धौरी नदी की सफाई न होने से जलाशय में पानी का जलस्तर बढ़ गया है। इससे तटबंध पर पानी का रिसाव शुरू हो गया है। किसानों ने तटबंध के कटने की आशंका जाहिर की है।
मंगलवार को तटबंध पर रह रहे किसानों ने पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार को तटबंध से पानी के रिसाव की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक ने तटबंध का पूरा जायजा लिया और किसानों के साथ एक बैठक की। इसमें पूर्व विधायक ने किसानों से कहा कि बरेली के डीएम मानवेंद्र सिंह ने पूर्व में कैनाल विभाग के अधिकारियों को धौरी नदी की सफाई व खुदाई करने के लिए निर्देश दिए थे। उनका आरोप था कि कैनाल विभाग के अधिकारियों ने अनसुनी कर दी थी। उन्होंने किसानों से कहा कि अगर उनका तटबंध कट गया तो इसके जिम्मेदार कैनाल विभाग के अधिकारी होंगे। इसके बाद किसानों ने पाइनों के जरिए स्रोतों के पानी की कारसेवा के जरिए निकासी की। तटबंध पर कारसेवा में बेद प्रकाश कश्यप, शंकरलाल मौर्य, नरायन दास गंगवार, कोमिल प्रसाद, सरजपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।