फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: आपदा राहत से वंचित परिवार, टेंट में गुजर रहा जीवन

विज्ञापन
विज्ञापन
भारी बरसात के बाद भी नहीं मिली सरकारी मदद
विज्ञापन

त्यून खास गांव में दीवार गिरने से उजड़ा आशियाना

संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। जिले में भारी बरसात ने कई परिवारों को प्रभावित किया था। हालांकि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए आर्थिक राहत पैकेज जारी किया, जिसके तहत पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सात लाख रुपये तक की सहायता राशि और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया। इसके अतिरिक्त बेघर हुए परिवारों को किराया व खाने-पीने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई, लेकिन घुमारवीं उपमंडल के गांव त्यून खास का एक परिवार आज भी इन सुविधाओं से वंचित है।
त्यून खास निवासी कमल देव का परिवार बरसात के दौरान घर की दीवार गिरने से बेघर हो गया। कमल देव का कहना है कि बीती बरसात में उनके मकान की दीवारें गिर गईं, जिससे घर रहने योग्य नहीं रहा। इस संबंध में उन्होंने पटवारी और पंचायत प्रधान को सूचना दी थी, जिसके बाद पंचायत स्तर पर रिपोर्ट भी तैयार की गई। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से उन्हें केवल एक तिरपाल ही उपलब्ध करवाया गया और आज तक न तो किराये की व्यवस्था की गई और न ही आपदा राहत राशि प्रदान की गई। कमल देव कमर और पैरों की समस्या से पीड़ित हैं। उनका उपचार आयुर्वेदिक पंचकर्मा अस्पताल बिलासपुर में चल रहा है, जिस कारण वे काम करने में असमर्थ हैं। परिवार में उनकी पत्नी लीला देवी, छह बेटियां और बुजुर्ग मां हैं। वर्तमान में पूरा परिवार एक टेंट और भाई की ओर से दिए गए एक कमरे में किसी तरह जीवन यापन कर रहा है, जिसके लिए अब उनसे किराया भी मांगा जा रहा है। कमल देव की पत्नी लीला देवी ने बताया कि सर्द मौसम में टेंट में रहना बेहद कठिन हो गया है। बेटियां बार-बार बीमार हो रही हैं और पति की बीमारी के कारण आय का कोई साधन नहीं बचा है। उन्होंने सरकार से घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कोट

आपदा प्रभावित लोगों की सरकार और प्रशासन की ओर से पूरी मदद की गई है। यदि कोई परिवार छूट गया है तो संबंधित एसडीएम से फील्ड रिपोर्ट ली जाएगी और केस को अप्रूव कर आपदा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। -राहुल कुमार, उपायुक्त, बिलासपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें