संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नवरात्र के तीसरे दिन जिले के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने माता दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना कर शांति और वीरता की कामना की। जिला मुख्यालय स्थित मां शूलिनी मंदिर में सुबह 5 बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया। मंदिर परिसर भक्तों से पूरी तरह भर गया और श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्तों ने दिन भर भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ मंदिर का माहौल भक्तिमय बनाए रखा। मंदिर में दोपहर 2 बजे तक लगभग 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन भक्तों की भक्ति भावना के कारण माहौल शांत और अनुशासित रहा।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और होमगार्ड के कर्मचारी तैनात रहे। सिर्फ मां शूलिनी मंदिर ही नहीं, बल्कि मालरोड मां दुर्गा मंदिर, मां काली मंदिर शामती, दुर्गा मंदिर चंबाघाट, शीतला माता मंदिर और सिद्धेश्वरी मंदिर (पुलिस लाइन) सहित जिले के अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया।
इन मंदिरों के कपाट भक्तों के लिए सुबह 5 बजे से खोले गए। भक्तों ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और माता के जयकारों के बीच दिन भर भक्ति में झूमते हुए मां दुर्गा की आराधना की