चालकों को यातायात नियमों की भी दी जानकारी
-सिविल अस्पताल बरठीं व तलाई में लगा नेत्र जांच शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत रविवार को टैक्सी, बस और ट्रक चालकों के लिए थाना तलाई ने नेत्र जांच शिविर का आयोजन सिविल अस्पताल बरठीं और तलाई में किया। शिविर में 70 चालकों की आंखों की जांच कर उन्हें उपयुक्त परामर्श भी दिया गया।
इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई। थाना प्रभारी तलाई विनोद कुमार और एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में वाहनों की भरमार होने व वाहनों का क्रेज बढ़ने से वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का ध्यान रखना अति आवश्यक है अन्यथा दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन की तरफ से नेत्र जांच शिविर का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गाड़ी चलाते समय चालकों में आंखों संबंधी समस्या का निपटारा करना है। उन्होंने बताया चालकों की आंखें सही होगी तो दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। यदि किसी की आंखों में कोई समस्या है तो वह समय रहते अपना इलाज करवा सकते हैं। इसके साथ ही यातायात के नियमों का पालन करने से हमेशा के लिए संभावित हादसों से भी बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा का मुख्य उद्देश्य लोगों को हर तरह के यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक करना है उन्होंने बताया कि बिना हेलमेट और लाइसेंस के वाहन चलाना अपने व अपने परिवार के लिए भी परेशानी खड़ी करना है। इस मौके पर विजय शर्मा, साधना, राकेश कुमार सहित चालक उपस्थित रहे।