बिजली के तार में लगी आग को बुझाते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : BILASPUR
भगेड़ (बिलासपुर)। सिविल अस्पताल घुमारवीं के सामने जल शक्ति विभाग के रास्ते पर उस समय अफरातफरी मच गई जब बिजली के तार में आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि वहां मौजूद लोग सहम गए।
लोगों ने हादसे की सूचना बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को दी। इसके बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इससे लाखों की संपत्ति राख हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक लगी आग से मकान को भी नुकसान हुआ है। स्पार्किंग होते तार जलने की तेज आवाजें आने लगी।
बिजली के धमाकों की तेज आवाज के चलते लोग घरों से बाहर आकर इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने सतर्कता बरतते हुए तत्काल विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता राजेश खरियाल को बारे में बताया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से बिजली बोर्ड के कर्मचारी भेज कर बिजली की सप्लाई बंद की। बोर्ड के कर्मचारियों ने बडे़ हादसे का अंदेशा होते ही इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। लीडिंग फायरमैन अमृतलाल की अगुवाई में अग्निशमन कर्मचारी महेंद्र सिंह, पवन सिंह, रोहित कुमार ने आग पर तत्काल काबू पा लिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने कहा कि यदि अग्निशमन विभाग के अधिकारी समय पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल के साथ ही नागरिक अस्पताल घुमारवीं का भवन है। अगर आग बुझाने में थोड़ी सी भी देर होती तो अस्पताल तक आग पहुंच सकती थी।
आसपास के कई घर और दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकते थे। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने कहा कि इस हादसे में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।