बिलासपुर में परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। जिले के विभिन्न केंद्रों में रविवार को टीजीटी आर्टस और मेडिकल अध्यापकों के लिए टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) का आयोजन किया गया। 568 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान कोरोना से बचाव को लेकर नियमों का विशेष ध्यान रखा गया।
टेट परीक्षा के लिए जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र बिलासपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर में केंद्र बनाए गए थे। इस दौरान कुछ अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। टीजीटी आर्ट्स के लिए छात्र पाठशाला में कुल 180 अभ्यर्थियों में से 161 ने परीक्षा दी। कन्या पाठशाला में 158 में से 143 और चांदपुर स्कूल में 134 में से 120 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। टीजीटी मेडिकल के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में 151 में से 144 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे।
परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद हर कमरे में 20 अभ्यर्थियों को उचित शारीरिक दूरी के साथ बैठाया गया। इसके अलावा केंद्रों में मौजूद सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य रहा। अभ्यर्थियों को सिर्फ पैन और पेपर बोर्ड के साथ ही कमरे में प्रवेश दिया गया। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित की गई।
शिक्षा उपनिदेशक राज कुमार ने कहा कि विभागीय आदेशों के अनुसार जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर टेट की परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में उचित प्रबंधों के साथ कोरोना से जुड़े नियमों का भी सख्ती से पालन कराया गया।