बारिश के बीच श्री नयनादेवी जी मंदिर में माथा टेकने के लिए खड़े श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में श्रावण अष्टमी मेला तेज बरसात में पूर्णाहुति के साथ धूमधाम के साथ संपन्न हो गया।
मेला समाप्ति के उपलक्ष्य पर मंदिर न्यास के अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर, मंदिर अधिकारी विपिन शर्मा, मेला पुलिस अधिकारी अमित शर्मा और डीएसपी पूर्ण चंद ने प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डालीं। इस बार मेले के दौरान करीब छह लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और माता का शुभ आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रावण अष्टमी मेला के अंतिम दिन भी बरसात के बावजूद भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंचे। रविवार की छुट्टी के चलते श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब देखते ही बनती थी।
श्रद्धालुओं के जत्थों को जगह-जगह पुलिस कर्मियों ने रोका। उन्हें बड़े आराम से माता जी के दर्शन के लिए भेजा गया। अंतिम नवरात्र के दौरान मंदिर व्यास को चढ़ावे के रूप में 13,30,293 रुपये नकद, सोना 21 ग्राम, चांदी 3.5 किलोग्राम प्राप्त हुआ।