मुख्यातिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते शांति सेवा समिति के अध्
सैनिकों का सम्मान करना राष्ट्र का सम्मान- अमर नाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश(बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर लग दयो प्रांगण में पूर्व सैनिकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शांति सेवा समिति के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध समाजसेवी अमरनाथ धीमान ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल को समिति की ओर से मफलर पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अमरनाथ धीमान ने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना राष्ट्र का सम्मान है क्योंकि हमारे वीर जवान देश की सरहदों पर कठिन परिस्थितियों में तैनात रहकर देश की सुरक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों का समर्पण भारत माता के तिरंगे की रक्षा के लिए होता है, जिसमें वे अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तत्पर रहते हैं। इस अवसर पर कोटधार पूर्व सैनिक समिति के अध्यक्ष कैप्टन ज्ञानचंद, कैप्टन हंसराज राणा, सूबेदार सुनील शर्मा, हवलदार रवि शर्मा, सूबेदार आसाराम, दिलेराम, श्याम सिंह परमार तथा अन्य गणमान्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने शांति सेवा समिति और अमरनाथ धीमान का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह से सैनिकों का मनोबल बढ़ता है। कैप्टन ज्ञानचंद धीमान ने भी समिति की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सैनिकों की समाज में अहम भूमिका को सम्मान देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।