बिलासपुर। जिले में विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान पांच बूथों पर ईवीएम मशीन खराब हो गई जबकि एक बूथ पर मतदान प्रक्रिया धीमी होने पर कर्मचारियों को बदला गया। ईवीएम में आई खराबी से दोनों बूथों पर मतदान समय से शुरू नहीं हो सका। सूचना मिलते ही विशेषज्ञ तत्काल पहुंचे और ईवीएम को बदल कर मतदान शुरू कराया।
श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र में बूथ नंबर 83 दबट में सुबह ईवीएम मशीनों के खराब होने से मतदान प्रक्रिया रुक गई। करीब आधा घंटे रुकने के बाद मशीन को बदल कर मतदान प्रक्रिया शुरू करा दी गई। घुमारवीं विधानसभा के बूथ नंबर 88 हारकुकार में मतदान प्रक्रिया के शुरू होते ही मशीन खराब हो गई। करीब 45 मिनट तक मतदान प्रक्रिया बंद रही। मशीन बदलने के बाद करीब सुबह 8:45 मतदान प्रक्रिया को शुरू किया गया।
इसी तरह घुमारवीं के भपराल, झंडूता के कोसरियां और सेर बूथ में मॉक पोल के दौरान मशीन खराब होने से मतदान प्रक्रिया देरी से शुरू हुई। वहीं, श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 24 स्योहला में दो कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया में ढीला पाए जाने पर बदला गया। उनकी जगह स्वारघाट से दो कर्मचारी भेजे गए।