घुमारवीं बस स्टैंड मार्ग पर राहगीरों के लिए नहीं बची जगह, सड़क के बीच चलने को मजबूर लोग
फुटपाथ पर कहीं रेहड़ी तो कहीं दुकानों का सामान होने से बढ़ी परेशानी
संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। एक तरफ एक परिवार का चिराग बुझ गया, लेकिन इससे न प्रशासन की नींद टूटी और न ही फुटपाथ पर कब्जा जमाकर बैठे लोगों की मनमानी पर कोई असर पड़ा। घुमारवीं बस स्टैंड के बाहर बुधवार को इलेक्ट्रिक बस के टायर के नीचे आने से हुई युवक की मौत के बाद भी बस स्टैंड मार्ग पर अतिक्रमण के हालात जस के तस बने हुए हैं। जिस फुटपाथ को लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाया गया था, उस पर कुछ लोगों ने अपनी निजी संपत्ति समझकर कब्जा जमा रखा है। कहीं दोपहिया वाहन खड़े हैं तो कहीं दुकानों के बोर्ड और सामान रास्ता रोके हुए हैं। रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने भी फुटपाथ को अपना ठिकाना बना लिया है। हैरानी की बात है कि एक जान जाने के बाद भी इस गंभीर समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं गया है।
बस स्टैंड की ओर जाने वाली यह संपर्क सड़क शहर के मुख्य मार्ग को बस अड्डे से जोड़ती है। इसी रास्ते से बसों का आवागमन होता है। सड़क की चौड़ाई पहले ही कम है और दो बसों को एक-दूसरे को पास देने में परेशानी होती है। ऐसे में पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का खाली रहना बेहद जरूरी है, लेकिन अतिक्रमण के कारण राहगीरों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है। बसों और अन्य वाहनों के बीच पैदल चलना किसी खतरे से खाली नहीं है।
कुछ समय पहले सड़क के दोनों ओर बनी नालियों के ऊपर लोहे की ग्रिल लगाई गई थी, ताकि लोग इनका इस्तेमाल फुटपाथ के रूप में कर सकें। इसका उद्देश्य पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने से बचाना था, लेकिन अतिक्रमणकारियों ने इस व्यवस्था को ही बेकार कर दिया। कहीं स्कूटी और दोपहिया वाहन खड़े हैं तो कहीं दुकानों के प्रचार बोर्ड रास्ता रोक रहे हैं।
वहीं, रेहड़ी पर मूंगफली और अन्य सामान बेचने वालों ने भी फुटपाथ पर कब्जा जमा रखा है। इनके पास ग्राहक पहुंचते हैं तो उन्हें सड़क के बीच खड़े होकर खरीदारी करनी पड़ती है। कई दुकानदारों ने फुटपाथ पर ही दुकानों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां बना रखी हैं। यानी आम लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई जगह पर कुछ लोगों ने अपनी मनमर्जी चला रखी है।
यह पहला मौका नहीं है जब इस मार्ग पर अतिक्रमण का मामला सामने आया हो। इससे पहले भी एक दुर्घटना के बाद प्रशासन ने अभियान चलाकर कब्जे हटाए थे, लेकिन कार्रवाई का असर कुछ समय तक ही रहा। प्रशासन की सख्ती कम होते ही फिर से फुटपाथ पर कब्जे हो गए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अब खानापूर्ति वाली कार्रवाई के बजाय पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाया जाए। साथ ही दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जल्द हटाया जाएगा अतिक्रमण : एसडीएम
एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने कहा कि शहर में फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को जल्द हटाया जाएगा। विशेषकर बस स्टैंड मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में पुलिस को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करवाकर पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनाई जा सके।