दो घरों से लाखों के गहने चुराने का मामला, सुनार को बेचकर आभूषण पिघलाने की बात आई सामने
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। दधोल पंचायत के दधोल कलां गांव में दो घरों से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस ने पूरा सोना बरामद कर लिया है। चोरी के गहने सुनार को बेचकर पिघलाए जाने के बाद पुलिस ने दो दिन पहले सोना बरामद किया था। अब चोरी हुए गहनों में शामिल सोने का चाक भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने इस चाक को घुमारवीं की एक दुकान में दस हजार रुपये में गिरवी रखा था।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने दुकानदार को पैसों की जरूरत होने की बात कहकर सोने का चाक गिरवी रखा था। पुलिस ने जांच के दौरान दुकान से इसे भी अपने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही चोरी हुए सोने की पूरी बरामदगी हो गई है।
मामले में घुमारवीं के एक सुनार की भूमिका सामने आने के बाद उसकी दुकान का बोर्ड रातोंरात बदलने का मामला भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि संबंधित सुनार ने अपनी एक दुकान के नाम का बोर्ड अचानक बदल दिया। इसके बाद शहर में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार दधोल कलां गांव के एक युवक पर अपने और अपने चाचा के घर से सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप है। चोरी हुए गहनों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। मामले का खुलासा होने के बाद भराड़ी पुलिस ने जांच तेज करते हुए युवक और उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ में चोरी के आभूषण घुमारवीं के एक सुनार को बेचने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सुनार से पूछताछ कर उसके कब्जे से सोना बरामद किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि चोरी हुआ सोना बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।