घुमारवीं में फुटपाथ पर लगी गाड़ियां। संवाद
गाड़ियां, दुकानदारों का सामान और निर्माण सामग्री बनी परेशानी
नगर परिषद ने अतिक्रमण करने वालों पर दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के अंतर्गत शहर में फुटपाथों पर अतिक्रमण की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। जिन रास्तों का निर्माण खासतौर पर पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए किया गया था, आज वे गाड़ियों की पार्किंग, दुकानदारों के बाहर रखे सामान और निर्माण कार्यों की सामग्री से घिरे नजर आते हैं। इस वजह से राहगीरों को मजबूरी में सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
शहर के मुख्य बाजार और व्यस्त सड़कों पर कई जगह गाड़ियों का कब्जा है। लोग अपनी गाड़ियां फुटपाथ पर खड़ी कर देते हैं, जिससे पैदल चलने वालों के लिए कोई जगह नहीं बचती। दुकानदार भी दुकानों से बाहर तक सामान फैला देते हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर निर्माण कार्यों के कारण रखी गई सामग्री फुटपाथ को पूरी तरह बंद कर देती है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथ पर जगह न होने से लोग सड़क पर चलने को मजबूर हैं। अचानक सामने आ जाने वाले पैदल यात्रियों के कारण वाहन चालकों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए। उनका कहना है कि पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखना बेहद जरूरी है। साफ और खुले फुटपाथ शहर की सुंदरता को बढ़ाते हैं और यातायात को भी सुचारू रखते हैं।
नगर परिषद घुमारवीं की अध्यक्ष रीता सहगल ने बताया कि परिषद समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाती है और फुटपाथ को खाली कराया जाता है। लेकिन इसके बावजूद लोग दोबारा फुटपाथ पर सामान रख देते हैं या निर्माण सामग्री गिरा देते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसे लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि पैदल यात्रियों को राहत मिल सके और शहर के फुटपाथ अपने मूल उद्देश्य के लिए इस्तेमाल हो सकें।
घुमारवीं में फुटपाथ पर लगी गाड़ियां। संवाद