-मेले में 85 विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में शनिवार को एचईआईएस और कॅरिअर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने विद्यार्थियों के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया। प्राचार्य प्रो. नीना वासुदेवा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय में पढ़ रहे विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है।
कॅरिअर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि मेले में 85 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कैंपस प्लेसमेंट के लिए विभिन्न कंपनियों से आए अधिकारियों ने विद्यार्थियों की पहले लिखित परीक्षा ली और बाद में साक्षात्कार भी लिया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार दोनों के आधार पर मेरिट बनाकर विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया जाएगा। जिन विद्यार्थियों का चयन इस रोजगार मेले में होगा उन्हें कंपनी द्वारा पहले ट्रेनिंग दी जाएगी और इस दौरान भत्ता भी दिया जाएगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद विद्यार्थियों का उसी फर्म में जॉब प्लेसमेंट भी हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही आने वाले दिनों में इसी तरह और भी कंपनियों को महाविद्यालय में विद्यार्थियों की जॉब प्लेसमेंट के लिए बुलाया जाएगा। ताकि महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अच्छे रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। इस रोजगार मेले को सफल बनाने में बीसीए विभाग के प्रो. तेज सिंह, प्रो. अंकित, प्रो. कंचन, प्रो. सोनिका, प्रो. संजू बाला, प्रो. पूनम और प्रो. मोनिका ने मुख्य भूमिका निभाई।