कर्मचारियों की कमी के कारण लोग झेल रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रदेश सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। भगेड़ अनुभाग में बिजली कर्मचारियों की कमी लोगों पर भारी पड़ रही है। यह बात भाजपा किसान भाजपा किसान मोर्चा घुमारवीं के अध्यक्ष देशराज शर्मा ने कही।
प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि भगेड़ अनुभाग में लोगों को 24 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। इस अनुभाग के तहत नौ पंचायत बकरोआ, औहर, पनौल, पनोह, फटोह, टकरेड़ा, अवारी खलीन, हीरापुर और विजयुपर के लोगों को 27 दिसंबर रात से 28 दिसंबर रात तक बिना बिजली के रहना पड़ा। इस कारण लोगों को भारी असुविधाओं से जूझना पड़ा। उन्होंने कहा कि जब विद्युत विभाग के अधिकारियों से बिजली ठीक न होने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि बिना स्टाफ के काम करना मुश्किल है। इस कारण बिजली को ठीक करने में समय लगेगा।
भगेड़ अनुभाग में एक कनिष्ठ अभियंता, एक फोरमैन और आठ सहायक लाइनमैन के पद स्वीकृत हैं। मौजूदा समय तीन ही सहायक लाइनमैन कार्यरत हैं जबकि पांच पद खाली हैं। अनुभाग के तहत पांच हजार उपभोक्ता हैं। ऐसे में बिना स्टाफ के विभाग को काम चलाने में परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि खाली पड़े पदों को तुरंत भरा जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।