ऋणियों व अन्य बकायेदारों को ऋण व बकाया चुकाने का अंतिम मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। कृष्णा कृषि सेवा सहकारी सभा सीमित बेहरन झंडूता में नई कार्यकारिणी के चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंजीयन अधिकारी सुरेश शर्मा ने बताया कि 18 जनवरी को चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभा के दोषी ऋणियों व अन्य बकायेदारों को अपना ऋण व बकाया चुकाने का अंतिम मौका दिया गया है।
ये राशि 19 नवंबर से 18 दिसंबर तक जमा करवाई जा सकती है। ऋण दोष से मुक्त व्यक्ति ही चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो सकेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। 28 नवंबर को मतदाता सूचियों का प्रकाशन, 15–16 दिसंबर को मतदाता सूची पर आपत्तियां व निपटारा होगा, 26–27 दिसंबर को नामांकन दाखिल होगा, 6 जनवरी को नाम वापसी व चुनाव चिन्ह आवंटन किया जाएगा और 18 जनवरी को मतदान होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव वार्ड आधार पर होंगे और प्रत्याशी का संबंधित वार्ड का स्थायी सदस्य होना जरूरी है। ऋण दोषी व्यक्ति न तो चुनाव लड़ पाएंगे और न ही मतदान कर सकेंगे। शर्मा ने बताया कि 500 रुपये भागधन जमा कर बने सदस्य ही मतदान के पात्र होंगे। जिन सदस्यों का भागधन 500 रुपये से कम है, वे 18 दिसंबर तक इसे पूरा करवा सकते हैं।