बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर के नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक शनिवार को रौड़ा सेक्टर स्थित विधायक सुभाष ठाकुर के आवास पर हुई। बैठक में 18 जनवरी को होने वाले पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि सभी पार्षद मौजूद रहेंगे और इसी दिन अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा।
सदर हलके के विधायक सुभाष ठाकुर ने बताया कि सभी नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ बैठक की गई है। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होना सुनिश्चित हुआ है। इसी दिन नप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा। हालांकि बहुमत के लिए नौ पार्षदों की जरूरत होगी और भाजपा समर्थित सात पार्षद जीते हैं। यदि चुनाव की नौबत आती है तो चुनाव कराया जाएगा। कांग्रेस समर्थित पार्षद मैदान छोड़ते हैं तो सर्वसम्मति से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निकाय बिलासपुर में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा के ही बनेंगे।
विधायक ने कहा कि चुनावों में किए गए वादों को प्राथमिकता अनुसार पूरा करने के लिए वचनबद्ध हैं। विधायक ने पीएम नरेंद्र मोदी का देश में कोविड वैक्सीनेशन शुरू करने के लिए आभार जताया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, शहरी इकाई के अध्यक्ष मदन राणा, महामंत्री मोहित सांख्यान, युवा मोर्चा के सदर मंडल अध्यक्ष विनोद मौजूद रहे।