घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद और ग्राम पंचायतों के चुनाव जैसे ही नजदीक आ रहे हैं, वैसे ही स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के आला अधिकारियों के कारनामे सामने आ रहे हैं। नगर परिषद घुमारवीं के विभिन्न वार्डों की लिस्ट में ऐसे 19 लोगों के नाम सामने आए हैं जिनके निधन को तीन साल से ज्यादा का समय हो चुका है। कुछ ऐसे लोग भी हैं जिनके अलग-अलग वार्डों की लिस्ट में दो दो जगह नाम दर्ज हुए हैं। घुमारवीं शहर के कुछ ऐसे लोग हैं जिनके वोट नगर परिषद में भी है और जिले की ग्राम पंचायतों में भी हैं।
घुमारवीं नगर परिषद के सात वार्डों में 5306 वोटर हैं जो उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। वार्ड नंबर एक में कुल वोटर 531 हैं। इनमें महिला वोटर 259 और पुरुष 272 हैं। वार्ड नंबर दो में 654 वोटरों में महिला 338 और पुरुष 316 हैं। वार्ड नंबर तीन में 669 वोटरों में महिला 327 और पुरुष 342 हैं। वार्ड नंबर चार में 1188 वोटर हैं, इनमें महिला 606 और पुरुष 582 हैं। वार्ड नंबर पांच में 930 वोटर हैं, जिनमें महिला 476 और पुरुष 454 हैं। वहीं वार्ड नंबर छह के 698 वोटरों में महिला 349 और पुरुष 349 हैं। वार्ड नंबर सात के 636 वोटरों में महिला 320 और पुरुष 316 हैं।
नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करने वालों में युवाओं के साथ अधिकतर पुराने चेहरे भी नजर आ रहे हैं। सबसे कम उम्र की उम्मीदवार लगभग 26 साल की युवती है जो वार्ड नंबर तीन से अपनी दावेदारी पेश कर रही है।
एसडीएम घुमारवीं शशिपाल शर्मा ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में जब वोटर लिस्ट बनाने का कार्य चला हुआ था तो पांच नवंबर तक लोगों को आपत्तियां जताने का समय दिया था। इसके बाद ही लिस्टें तैयार की गई हैं। नगर परिषद और पंचायतों में अलग-अलग कमेटियों की ओर से लिस्टें तैयार की जाती हैं। अगर शहर में ऐसे भी लोग हैं जिनका नाम नगर परिषद व पंचायतों में दर्ज है तो वे केवल एक ही जगह अपना वोट डाल सकते हैं।