बरठीं (बिलासपुर)। दी छत ग्राम सेवा सहकारी सभा सीमित भेड़ाघाट की प्रबंधक समिति की विशेष बैठक सभा प्रशासक दिनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभा की प्रबंधक समिति के चुनाव कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सभा के चुनाव 23 दिसंबर को 10 से तीन बजे तक करने का फैसला लिया। चुनावों का परिणाम भी 23 दिसंबर को ही चार बजे निकलेगा। कार्यालय सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं बिलासपुर से निर्वाचन अधिकारी कमलेंद्र कुमार, निरीक्षक सहकारी सभाएं घुमारवीं और सभा सचिव हरिपाल शर्मा ने चुनावी रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने हुए कहा कि पंजीयन अधिकारी द्वारा सभा कार्यक्षेत्र का वार्डों में विभाजन तथा वार्डों की अस्थाई सूचियों का प्रकाशन 30 सितंबर को होगा। वार्ड बंदी की अस्थाई सूचियों पर आपत्तियां तीन से पांच अक्तूबर तक दायर की जाएंगी।
पंजीयन अधिकारी द्वारा आपतियों पर सुनवाई का फैसला आठ से 12 अक्तूबर तक लिया जाएगा। वार्डों की अंतिम सूचि का प्रकाशन 15 अक्तूबर को किया जाएगा। सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं बिलासपुर द्वारा वार्ड बंदी सूची का अनुमोदन 19 अक्तूबर को, दोषी ऋणियों और बकायादारों द्वारा अपना-अपना ऋण दोष और भागधन दोष 7 नवंबर तक दूर किया जाएगा। पंजीयन अधिकारी द्वारा अस्थाई मतदाता सूची का प्रकाशन नौ नवंबर को होगा। वार्ड वाइज अस्थाई मतदाता सूचियों पर 24 नवंबर को आपत्तियां दायर की जाएंगी। 25 से 27 नवंबर को पंजीयन अधिकारी द्वारा आपत्तियों पर सुनवाई और निर्णय किया जाएगा।
28 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। वार्ड वाइज नामांकन 7 व 8 दिसंबर को किया जाएगा। 9 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच और सूची का प्रकाशन होगा। 23 दिसंबर को सुबह 10 से तीन बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम चार बजे के बाद चुनाव परिणाम की घोषणा होगी।