जामा मसजिद में ईद की नमाज अदा करते मुसलिम समुदाय के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जिला भर में वीरवार को ईद-उल-फितर का त्यौहार हर्षोल्लास से मनाया गया। मस्जिदों में सुबह 10 बजे ईद की विशेष नमाज अदा की गई। इस पावन मौके पर समुदाय के लोगों ने एक साथ हाथ उठाकर दुनिया में शांति, खैर और अमन की दुआ मांगी। मुस्लिम समुदाय के बच्चे, बूढ़े और युवा अपने पारंपरिक परिधान पहनकर मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे। नमाज अदा करने के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी।
शहर के रौड़ा सेक्टर में स्थित जामा मस्जिद में भी मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने नमाज अदा की। शांति व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के जवान भी मस्जिद में तैनात रहे।
गुराही नियंत्रण के लिए प्रशासन का एक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहा। मस्जिद में मुख्य इमाम मौलाना अब्दुल वहिद ने समुदाय की रहनुमाई करते हुए ईद का महत्व लोगों को समझाया।
नमाज के दौरान समस्त संसार की भलाई, शांति, अमन और खैर की दुआएं अल्लाह ताला से मांगी। साथ ही झूठ, गिबत और गुनाहों से बचाने की दुआएं भी मांगी गईं। इसके अलावा घुमारवीं, बरठीं, टकरेहड़ा, चकली, झंडूता, दसलेड़ा और इलेवाल (भाखड़ा) में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा की गई।
जिला मुस्लिम वेलफेयर कमेटी के नसीम मोहम्मद ने बताया कि ईद की नमाज कुंभ स्नान के तुल्य है। इसी नमाज में नमाजियों के पिछले गुनाह माफ होते हैं और दुआएं भी कबूल होती हैं।