- शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए डेढ़ साल पहले मिली थी मंजूरी
-अलग स्थानों पर बनाए जाने हैं पार्किंग और नो-पार्किंग जोन
-चिह्नित पार्किंग जोन में सड़क के कच्चे हिस्सों पर प्रस्तावित है टाइल लगाने का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के नए पार्किंग प्लान को धरातल पर लाने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक और अव्यवस्था को देखते हुए डेढ़ साल पहले इस योजना को मंजूरी दी गई थी। इसके तहत शहर में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग और नो-पार्किंग जोन बनाए जाने हैं। लेकिन योजना अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। नगर परिषद ने अब पिछले टेंडरों को रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है।
प्लान के तहत चिह्नित पार्किंग जोन में सड़क के कच्चे हिस्सों पर टाइल लगाने का कार्य प्रस्तावित है। करीब डेढ़ साल पहले उपायुक्त ने इस योजना को मंजूरी दी थी। उम्मीद थी कि इसे लागू करने के बाद शहर को जाम से छुटकारा मिलेगा। लेकिन लगातार टेंडर प्रक्रिया में रुकावट आने से योजना ठप पड़ी है। शहर में पुख्ता पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इससे पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय दुकानदारों को इस समस्या से भारी नुकसान उठाना पड़ता है। साथ ही ट्रैफिक अव्यवस्था के कारण लोगों को हर रोज परेशानी झेलनी पड़ती है। पार्किंग प्लान के तहत शहर में पार्किंग और नो पार्किंग जोन चिह्नित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में सड़क किनारे कच्चे हिस्सों पर टाइल्स लगाने का काम प्रस्तावित है। इसके बाद लोगों को अपनी गाड़ियां खड़ी करने के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा। नगर परिषद को उम्मीद है कि इससे न केवल ट्रैफिक की समस्या कम होगी, बल्कि आय में भी बढ़ोतरी होगी।
उप मंडलीय अधिकारी ने नगर परिषद को इस योजना के तहत टाइल्स लगाने के लिए करीब 5 लाख रुपये की टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के आदेश दिए थे। हालांकि प्रक्रिया पूरी न होने की वजह से अब तक काम शुरू नहीं हो पाया। पार्किंग व्यवस्था के अभाव में स्थानीय दुकानदारों को ग्राहकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। वे इस प्लान को जल्द से जल्द लागू करने की मांग कर रहे हैं। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही इस प्लान पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि इससे घुमारवीं शहर को जाम और ट्रैफिक अव्यवस्था से राहत मिलेगी।
कोट
नगर परिषद जल्द ही इस काम के लिए नए सिरे से टेंडर आमंत्रित करेगी। कार्यकारी अधिकारी खेमचंद वर्मा ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही इस प्लान को लागू कर दिया जाएगा। इससे पहले भी टाइल्स लगाने के लिए टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन किसी कारणवश यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। नगर परिषद ने अब इन टेंडरों को रद्द कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है।