-राजेंद्र, मयूर और रजत बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत छठे दिन तीन मैच खेले गए। पहले मैच में एजुकेशन इलेवन ने प्रेस इलेवन, दूसरे मैच में व्यापार मंडल घुमारवीं ने एग्रीकल्चर टीम और तीसरे मैच में एसपी इलेवन ने डीजे को हराया।
पहले मैच में प्रेस इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी एजुकेशन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 125 रन बनाए। इसमें राजेंद्र सिंह ने 35, सुनील ठाकुर ने 12, सिद्धार्थ ग्रेवाल ने 25, रवि ने 15 और हिमांशु मोंगा ने 11 रनों का योगदान दिया। प्रेस इलेवन की ओर से प्रकाश ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन और विजय भारद्वाज ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस इलेवन की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और एक के बाद एक बल्लेबाज आउट होकर पवेलियन लौटते रहे। प्रेस इलेवन की ओर से अनिल ठाकुर ने 27 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। प्रेस इलेवन की टीम 9.1 ओवर में 54 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। एजुकेशन की ओर से विक्रम, गोपाल और हिमांशु मोंगा ने दो-दो विकेट हासिल किए। एजुकेशन-11 के राजेंद्र सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में एग्रीकल्चर इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 64 रन पर ऑल आउट हो गई। इसमें कप्तान अश्विन ने सर्वाधिक 15 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। व्यापार मंडल घुमारवीं की ओर से मयूर ने दो विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी व्यापार मंडल घुमारवीं की टीम ने मात्र 5.1 ओवर में एक विकेट होकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें जुमित ने 32 संदीप ने 11 और सचिन ने 15 रन का योगदान दिया। एग्रीकल्चर-11 की ओर से कप्तान अश्विन ने एक विकेट हासिल किया। व्यापार मंडल घुमारवीं के कप्तान मयूर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मैच में डीजे इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट होकर 70 रन बनाए। इसमें सुमन ने 27 और मुकेश और अंकु ने 10-10 रन का योगदान दिया। एसपी इलेवन की ओर से रजत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसपी इलेवन की टीम ने 7.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें कप्तान कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने 25 और रविकांत ने भी ताबड़तोड़ 25 रन की पारी खेली। एसपी इलेवन के रजत को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।