ग्राम पंचायत स्योहला में लोगों को बैक योजनाओं की जानकारी देते बैंक अधिकारी।
- फोटो : BILASPUR
जुखाला(बिलासपुर)। ग्राम पंचायत स्योहला में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा जुखाला के तत्वाधान में किया गया। शिविर में लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
शाखा प्रबंधक नवीन मेहता की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में बैंकिंग कार्यप्रणाली से अवगत करवाया गया। नाबार्ड की ओर से आयोजित एफआईएसके के तहत समर्थित इस कार्यक्रम में 50 से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर नवीन मेहता ने बतायाकि वर्तमान में सभी को कैशलेस योजना का लाभ उठाना चाहिए। इसमें ग्राहकों को साथ ही साथ कैश रिटर्न भी सीधे खाते में जाता है।
नवीन मेहता ने बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सरकार और राज्य सहकारी बैंक कृत संकल्प है। सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए नई योजनाओं का सूत्रपात कर रही है जिसका मातृ-शक्ति को लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैंक के माध्यम से गठित स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं स्वयं को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए प्रयासरत हैं। स्वयं सहायता समूह, आरडी, एफडीआर, जेएलजी योजना, केसीसी ऋण योजना आदि के महत्व के बारे में प्रकाश डाला गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना व अटल पेंशन योजना आदि के बारे में बताया। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान पुष्पा देवी शाखा प्रबंधक नवीन मेहता व अन्य शाखा कर्मचारी और स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।