एसडीएम घुमारवीं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल के विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकासात्मक कार्यों का एसडीएम शशिपाल शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत पट्टा में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत किए गए धन से किए गए कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत पट्टा में 5 कार्यों के लिए धन स्वीकृत किया गया था जिसमें से ग्राम पंचायत द्वारा अभी तक दो कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है।
उन्होंने शेष 3 कार्यों को आरंभ कर शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए। उन्होंने विकासात्मक कार्यों को गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उपायुक्त द्वारा अन्य पंचायतों में भी विकास कार्य जारी किए गए बजट से किए जा रहे हैं।
विकास कार्यों का शीघ्र निरीक्षण किया जाएगा तथा सभी कार्यों की वस्तुस्थिति से संबंधित संकलित रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त को भेजी जाएगी। उन्होंने ग्राम पंचायत पट्टा के परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र नगरांव का भी औचक निरीक्षण किया और नौनिहालों को दी जा रही शिक्षा सहित पोषाहार बारे आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित कार्यकर्ता से जानकारी प्राप्त की तथा बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार को स्वयं भी चेक किया।
उन्होंने उपमंडल घुमारवीं में हरित आवरण पट्टी की बढ़ोतरी के लिए चलाए गए विशेष पौधरोपण अभियान के तहत पट्टा पंचायत परिसर में रोपित किए गए पौधों का भी निरीक्षण किया और पंचायत प्रधान व अन्य उपस्थित स्टाफ को इन पौधों का संरक्षण करने तथा विशेष ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने पंचायत सचिव से पंचायत में महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली।