बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से अक्तूबर 2019 को आयोजित प्रांत स्तरीय स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के तहत जिला स्तरीय परिणाम घोषित कर दिया गया। यह जानकारी बिलासपुर जिला के जिला संयोजक उज्ज्वल कैंथ ने दी। उन्होंने कहा कि जिला बिलासपुर के 97 स्कूलों के 9वीं से 12वीं तक के लगभग 4332 परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा 6 अक्तूबर को दी थी।
यह परीक्षा बिलासपुर में 30 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गेहड़वीं के रोहित ठाकुर ने 85 नंबर लेकर परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया। परीक्षा में 84 अंक लेकर दूसरे स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छकोह के विशाल कुमार रहे। जबकि तीसरे स्थान पर मिनर्वा पब्लिक स्कूल घुमारवीं के रक्षित ने 78 अंक प्राप्त किए।
इसके अलावा चौथे स्थान पर डीएवी बरमाना के प्रिंस ठाकुर ने 75 अंक, पांचवें स्थान पर विजन कान्वेंट स्कूल घुमारवीं के कृष भारद्वाज ने 74 अंक, छठे स्थान पर डीएवी स्कूल बिलासपुर की निधि ने 74 अंक, सातवें स्थान पर मिनर्वा स्कूल घुमारवीं के गौरव कुमार ने 73 अंक और आठवें स्थान पर गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल झंडूता के नितिन शर्मा ने 70 अंक प्राप्त किए।
जिला संयोजक उज्ज्वल कैंथ ने बताया कि परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5100, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3100 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 2100 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 5 छात्रों को 1100 रुपये सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई द्वारा दिसंबर महीने में जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें इन सभी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर के परीक्षा परिणाम विद्यालय में ही दिए जाएंगे।