आयुष्मान आरोग्य मंदिर भगेड़ में आयोजित आयुष मेले में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए चिकित्
आयुष्मान आरोग्य मंदिर भगेड़ में लगा आयुष मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। भारत सरकार के राष्ट्रीय आयुष मिशन और हिमाचल प्रदेश सरकार के आयुष विभाग की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर भगेड़ में एक दिवसीय आयुष मेले का आयोजन किया गया।
यह मेला आयुष ग्राम कार्यक्रम के तहत लगाया गया। इस मेले में स्थानीय लोगों ने आयुष चिकित्सा पद्धतियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर स्वास्थ्य लाभ उठाया। इस अवसर पर आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 110 रोगियों की जांच, परामर्श और निशुल्क औषधि वितरण किया गया। मेले में लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञों से सलाह ली और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के प्रति जागरूकता दिखाई। इस दौरान योग गाइड द्वारा उपस्थित लोगों को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास भी करवाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योग एवं प्राणायाम से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। इसके अलावा मेले में औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न जड़ी-बूटियों एवं उनके उपयोगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया, जिससे वह अपने घरों में इनका उपयोग कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी बिलासपुर डॉ. सुखविंदर कौर के मार्गदर्शन एवं उपमंडलीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा रानी गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। इससे पहले मेले का शुभारंभ एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने किया । जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुखविंदर कौर ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को पारंपरिक जीवन शैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग एवं प्राणायाम के प्रति जागरूक करना और आयुष चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देना है। आयुष प्रणाली न केवल रोगों के उपचार में सहायक है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन जीने की दिशा भी प्रदान करती है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर भगेड़ में आयोजित आयुष मेले में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए चिकित्